Google Search में रैंकिंग से जुड़े अपडेट के बारे में जानकारी पाने का तरीका
Google, अपने रैंकिंग सिस्टम और नीतियों को समय-समय पर अपडेट करता रहता है. इससे Search को सभी के लिए मददगार और भरोसेमंद बनाए रखने में मदद मिलती है. इस पेज पर बताया गया है कि हम बदलावों की सूचना पहले से कब देते हैं, पहले से सूचना देने की हमारी टाइमलाइन क्या है, और पुष्टि किए गए अपडेट कहां ट्रैक किए जा सकते हैं.
जब हम सूचना देते हैं
जब किसी अपडेट में नीति से जुड़ी ज़रूरी शर्तें शामिल होती हैं या साइट के मालिकों के लिए रैंकिंग में बड़े बदलाव हो सकते हैं, तब हम बदलाव के टाइप के आधार पर सूचना देते हैं. इसके अलावा, जिन बदलावों की वजह से यूनाइटेड किंगडम के उपयोगकर्ताओं को रैंकिंग में काफ़ी बदलाव देखने को मिल सकता है उनके बारे में हम साइट के मालिकों को पहले से सूचना देते हैं. ऐसा Google के लिए, सीएमए की फ़ेयर रैंकिंग के नियमों के मुताबिक किया जाता है.
यहां कुछ उदाहरण दिए गए हैं, जिनमें बताया गया है कि किस तरह के बदलावों के लिए सूचना दी जाएगी:
- नीति में ऐसे बदलाव जिनके लिए कार्रवाई करना ज़रूरी है: Search पर दिखने वाले कॉन्टेंट से जुड़ी नीतियों, तकनीकी दिशा-निर्देशों या ज़रूरी शर्तों में किए गए ऐसे अपडेट जिनके लिए साइट के मालिकों को अपनी साइट, कॉन्टेंट बनाने के तरीकों या मार्कअप में बदलाव करने की ज़रूरत पड़ सकती है, ताकि वे नीतियों का पालन कर सकें.
- रैंकिंग में अहम बदलाव: एल्गोरिदम में होने वाले बड़े बदलाव (जैसे, मुख्य अपडेट) की वजह से, कई क्वेरी और साइटों की रैंकिंग में अहम बदलाव हो सकते हैं.
पुष्टि किए गए अपडेट और पहले से किए गए एलानों को ट्रैक करना
हम Search के स्टेटस डैशबोर्ड पर, अपडेट के बारे में पहले से सूचनाएं, रोल आउट शुरू होने की तारीखें, और रोल आउट पूरा होने की सूचनाएं पब्लिश करते हैं. ऐटम / आरएसएस फ़ीड की मदद से भी, अपने-आप अपडेट पाने की सुविधा की सदस्यता ली जा सकती है.
हम Google Search Central ब्लॉग और दस्तावेज़ के चेंजलॉग पेज पर भी खास अपडेट पोस्ट करते हैं. इन दोनों पेजों पर आरएसएस फ़ीड मौजूद हैं. इनकी सदस्यता लेकर, अपडेट होने पर सूचनाएं पाई जा सकती हैं.
अपडेट के बाद समस्याएं आने पर क्या करें
Search Console में ट्रैफ़िक में हुए बदलावों का आकलन करने से पहले, इंतज़ार करें कि Search के स्टेटस डैशबोर्ड पर अपडेट को 'पूरा हो गया' के तौर पर मार्क किया जाए. साथ ही, अपडेट रोल आउट होने के बाद कम से कम एक हफ़्ते का डेटा इकट्ठा होने दें:
- परफ़ॉर्मेंस में हुए बदलावों का विश्लेषण करने के लिए, खोज ट्रैफ़िक में आई गिरावट की वजहों को डीबग करें.
- रैंकिंग में हुए बदलावों के बारे में सुझाव/राय देना या शिकायत करना.